पब्लिक स्वर,धमतरी। ग्राम आमदी में सोमवार देर रात से लापता एक महिला का शव मंगलवार सुबह कुंभार तालाब में पाया गया। मृतका की पहचान 65 वर्षीय रुक्मणी देवांगन के रूप में हुई है, जिनके पति का नाम दुजराम देवांगन बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, रुक्मणी देवांगन रात लगभग 11 बजे घर से शौच के लिए निकली थीं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उन्हें खोजने की कोशिश की और आसपास के रिश्तेदारों से भी पूछताछ की। इसके बावजूद उनका कोई पता नहीं चला।
सुबह करीब 6:30 बजे ग्राम के कुछ युवकों ने तालाब में महिला का शव देखा और तुरंत गांव वालों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को वरदान एम्बुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान और डुमन साहू की मदद से जिला अस्पताल मर्चुरी ले जाया गया।
पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव की पहचान व घटनास्थल की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।

User 1














