धमतरी में रॉन्ग साइड आई बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, पति की मौके पर मौत, पत्नी गंभीर



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने और रॉन्ग साइड में आने से बाइक सवार दंपती इसकी चपेट में आ गए। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, अछोटा गांव निवासी इंद्रेश निर्मलकर अपनी पत्नी शशि निर्मलकर के साथ मोटरसाइकिल से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गागरा पुल के आगे रायपुर से जगदलपुर की दिशा में जा रही एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो ने पहले नेशनल हाईवे के डिवाइडर को टक्कर मारी, फिर उसे पार करते हुए रॉन्ग साइड में पहुंच गई और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार इंद्रेश निर्मलकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी शशि निर्मलकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरच्यूरी भिजवाया। पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS SADAKHADSANEWS BLORONEBAIKESAVARKOMATITHOKARNEWS

You might also like!