Politics post authorUser 1 26 May 2025

पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का बड़ा बयान: मेरे कार्यकाल में खत्म हो जाता नक्सलवाद, राज्य में बीजेपी सरकार फेल



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। बिलासपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कंवर ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार और कार्यकर्ताओं में व्याप्त असंतोष पर चिंता जताई।


राज्य सरकार को बताया फेल


ननकीराम कंवर ने कहा, "प्रदेश में बिना पैसे कोई काम नहीं हो रहा है। हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। बीजेपी का एक भी कार्यकर्ता खुश नहीं है।"


उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ नेताओं की वजह से चुनाव में हार हुई। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे हमेशा जनता के हित के लिए खड़े रहेंगे।


केंद्र सरकार की सराहना


पूर्व गृहमंत्री ने केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र अच्छे से काम कर रहा है। उनका कहना था कि अगर उन्हें केंद्र का पूरा सहयोग मिला होता, तो उनके कार्यकाल में ही राज्य से नक्सलवाद समाप्त हो गया होता।


नक्सलवाद पर बड़ा दावा


ननकीराम कंवर ने कहा, "जब मैं गृह मंत्री था, तभी तय कर लिया था कि प्रदेश से नक्सलियों का सफाया करना है। लेकिन उस समय केंद्र सरकार ने कोई फोर्स नहीं भेजा, न ही आर्थिक मदद दी। उस समय की केंद्र सरकार नक्सलियों से मिली हुई थी।"


पहले भी उठा चुके हैं सवाल


यह पहली बार नहीं है जब ननकीराम कंवर ने अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ आवाज उठाई हो। इससे पहले भी वे भ्रष्टाचार को लेकर पीएम मोदी को पत्र लिख चुके हैं और विष्णुदेव साय सरकार पर गंभीर सवाल खड़े करते रहे हैं।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLITICS

You might also like!