कांकेर में अवैध रेत उत्खनन पर विधायक सावित्री मंडावी का धरना, देर रात कार्रवाई के बाद वाहन जब्त



post

पब्लिक स्वर,कांकेर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन को लेकर कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी का आक्रोश सामने आया है। शुक्रवार शाम अपने समर्थकों और ग्रामीणों के साथ बेलवापानी रेत खदान पहुंची विधायक ने मौके पर धरना देते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। घंटों तक विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और खदान में संचालित वाहनों पर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, बेलवापानी रेत खदान में निर्धारित क्षेत्र के अलावा अन्य स्थानों से भी मशीनों के माध्यम से रेत निकाले जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। आरोप है कि खनन कार्य में भारी मशीनों का उपयोग कर नियमों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी की जा रही है।

शिकायतों के बाद विधायक सावित्री मंडावी शुक्रवार शाम करीब 7 बजे खदान क्षेत्र पहुंचीं और स्थिति का निरीक्षण किया। विधायक के अनुसार, मौके पर करीब 14 वाहन और एक चेन माउंटेन मशीन संचालित होती मिली। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गईं। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के देर से पहुंचने पर उन्होंने नाराजगी भी जताई।

बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए चेन माउंटेन मशीन को सील कर दिया, वहीं अन्य वाहनों को भी जब्त किया गया। विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि अनियंत्रित और अवैध रेत उत्खनन से भविष्य में क्षेत्र में रेत का संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने मांग की कि खनन कार्य तय नियमों और मानकों के अनुरूप किया जाए तथा स्थानीय ट्रैक्टर और वाहन मालिकों को प्राथमिकता देकर रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन के पीछे कहीं न कहीं शासन-प्रशासन के कुछ लोगों की मिलीभगत हो सकती है, जिसके कारण कार्रवाई में देरी हुई। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि अवैध उत्खनन पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर संबंधित थाना और प्रशासनिक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में अवैध रेत खनन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि प्रशासन आगे इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BASTARNEWS KANKERNEWS BHANUPRATAPPURNEWS KANKERBHANUPRATAPPURNEWS AVIDHRETUTKHANANNEWS VIDHAYAKNEDERTAARDIYADHARNANEWS VIDHAYAKSAVITRIMANDAVINEWS DHARNEPARBAITHIVIDHAYAKSAVITRIMANDAVINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER