पब्लिक स्वर,रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘लंगड़े घोड़े’ वाले बयान ने छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल मचा दी है। भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने राहुल गांधी के राजनीतिक प्रदर्शन को ‘लंगड़ा घोड़ा’ बताते हुए कांग्रेस नेताओं पर करारा हमला बोला। इसके जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा नेताओं को ‘गधा’ कहकर पलटवार किया।
अजय चंद्राकर ने कहा कि "राहुल गांधी की राजनीति एक लंगड़े घोड़े जैसी है, जो न दौड़ सकता है और न ही रेस में कोई मुकाम हासिल कर सकता है।" उन्होंने छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं को ‘बीमार घोड़ा’ बताते हुए कहा कि "इन नेताओं को अंबानी के वन्यजीव देखभाल केंद्र वनतारा में भेज देना चाहिए, जहां जानवरों की देखभाल होती है।"
इस तीखी टिप्पणी का जवाब देते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा नेताओं को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, "हमारे नेता रेस के घोड़े हैं और भाजपा के नेता गधों की कतार में खड़े हैं।"
दीपक बैज ने यह भी कहा कि राहुल गांधी का ‘लंगड़ा घोड़ा’ वाला बयान भाजपा की बेचैनी का कारण बन गया है। "जिन्हें अपने नेताओं पर भरोसा होता है, उन्हें इस तरह के बयान से फर्क नहीं पड़ता, लेकिन भाजपा की प्रतिक्रिया यह दिखा रही है कि उन्हें डर सता रहा है," उन्होंने जोड़ा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयानबाज़ी आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है। घोड़े और गधे जैसे प्रतीकों का राजनीतिक संवाद में आना यह दर्शाता है कि चुनावी माहौल गर्म है और नेताओं के बीच जुबानी जंग अब शालीनता की सीमाएं लांघने लगी है।
अब देखना यह होगा कि आने वाले समय में ‘लंगड़े घोड़े’ की इस रेस में कौन आगे निकलता है — आरोप, प्रत्यारोप और शब्दों की धार से कौन किसे पीछे छोड़ता है। है।

User 1












