पब्लिक स्वर,रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। बघेल ने मीडिया से बातचीत के दौरान पीएम मोदी की कार्यशैली और मौजूदा परिस्थितियों को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि उनसे देश नहीं संभल रहा है तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। उनके इस बयान के बाद बीजेपी ने भी पलटवार किया है और इसे “राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश” बताया है।
क्या कहा भूपेश बघेल ने?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “मैं पहले भी कह चुका हूं कि ‘यह कुर्सी है, तुम्हारा जनाजा तो नहीं… जब कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते।’ मोदी जी से देश नहीं संभल रहा हो तो वो कुर्सी से उतरें। भाजपा का कोई अन्य नेता प्रधानमंत्री बन जाए, लेकिन देश को बर्बाद मत होने दीजिए।”
बघेल ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और खर्चों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार जनता से मितव्ययिता और डॉलर बचाने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ खुद बड़े स्तर पर खर्च करती नजर आती है।
उन्होंने कहा, “खेल होना चाहिए, इससे कौन इंकार करता है, लेकिन जब देश संकट में हो तब? आप डॉलर बचाने की बात करते हैं और अपनी ही बात का खंडन कर रहे हैं। जनता को बचत का संदेश दिया जाता है और दूसरी ओर अपव्यय किया जाता है। दोनों बातें एक साथ नहीं चल सकतीं।”
बीजेपी का पलटवार
भूपेश बघेल के बयान पर बीजेपी नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। रायपुर बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस नेता अक्सर राजनीतिक रणनीति के तहत इस तरह के बयान देते हैं।
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि, “भूपेश बघेल राजनीतिक लाभ और अपनी छवि मजबूत करने के लिए शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार बयान देते हैं। उनके कई बयान केवल राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से दिए जाते हैं।” बीजेपी ने इसे प्रधानमंत्री पद की गरिमा से जोड़ते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादा तोड़ने का आरोप भी लगाया।
सोशल मीडिया पर भी बहस तेज
भूपेश बघेल का बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। कांग्रेस समर्थक इसे सरकार के खिलाफ “सीधी राजनीतिक प्रतिक्रिया” बता रहे हैं, जबकि बीजेपी समर्थकों ने इसे “असम्मानजनक और गैर-जिम्मेदाराना” करार दिया है। राजनीतिक हलकों में फिलहाल इस बयान को लेकर चर्चा जारी है और आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

User 1














