धमतरी में आग बुझाने जा रही अग्निशमन वाहन सड़क हादसे का शिकार, चालक की मौत, कंडक्टर गंभीर



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में आग बुझाने के लिए जा रहा अग्निशमन वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में फायर ब्रिगेड चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दुगली थाना क्षेत्र के गट्टासिल्ली मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अग्निशमन वाहन पहले से खड़े एक तूफान वाहन से जा भिड़ा।

जानकारी के अनुसार, नगरी से फायर ब्रिगेड की टीम बागतराई क्षेत्र में लगी आग बुझाने के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान गट्टासिल्ली मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तूफान वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में अग्निशमन वाहन चला रहे नगरी निवासी फलेंद्र साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में मौजूद कंडक्टर राजू साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही दुगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक चालक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

ड्यूटी के दौरान गई जान

बताया जा रहा है कि फायर ब्रिगेड की टीम आपातकालीन स्थिति में आग बुझाने के लिए निकली थी। ऐसे में यह हादसा न सिर्फ एक सड़क दुर्घटना है, बल्कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले एक कर्मचारी की दुखद मौत भी है। घटना के बाद फायर विभाग और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आपातकालीन वाहनों के संचालन को लेकर कई सवाल खड़े करता है। विशेषकर मोड़ों और हाईवे किनारे खड़े वाहनों की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS DUGLINEWS DHAMTARIDUGLINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER