दिनदहाड़े सब्जी मंडी में व्यापारी को चाकू दिखाकर 25 हजार रुपए की लूट, हिरासत में 10 संदिग्ध



post

पब्लिक स्वर,बालोद। बालोद जिले के मुख्यालय स्थित सब्जी मंडी में शनिवार सुबह दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। अज्ञात बदमाशों ने एक सब्जी व्यापारी को चाकू की नोक पर धमकाते हुए उससे 25 हजार रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न इलाकों से 10 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

भुगतान के लिए लेकर आया था नकदी

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रेंघनी (मालीघोरी) निवासी डोमेश्वर पटेल सब्जी का व्यवसाय करते हैं और विभिन्न बाजारों में दुकान लगाकर व्यापार करते हैं। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह बालोद सब्जी मंडी पहुंचे थे। उनके पास करीब 25 हजार रुपए नकद थे, जिनका उपयोग उन्हें सब्जी खरीदने और व्यापारियों को भुगतान करने के लिए करना था।

बाथरूम में घुसे बदमाश, चाकू अड़ाकर लूटे रुपए

बताया जा रहा है कि सब्जी खरीदने के बाद डोमेश्वर पटेल मंडी परिसर स्थित बाथरूम गए। इसी दौरान कुछ युवक उनके पीछे अंदर घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने व्यापारी को चाकू दिखाकर उसके पेट पर अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पास रखे 25 हजार रुपए छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

व्यापारियों में आक्रोश, थाने पहुंची शिकायत

घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने अन्य व्यापारियों के साथ बालोद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। दिनदहाड़े मंडी परिसर में हुई इस घटना से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मंडी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।

10 संदिग्ध हिरासत में, एक की पहचान होने की चर्चा

जांच के दौरान पुलिस ने पाण्डेयपारा, टिकरापारा और नयापारा क्षेत्र से 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में से एक की पहचान पीड़ित द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

जल्द होगा खुलासा: थाना प्रभारी

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

मंडी में सुरक्षा पर उठे सवाल

सब्जी मंडी जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थल पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि मंडी में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में नकद लेन-देन होता है, ऐसे में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम जरूरी हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BALODNEWS SABJIMANDINEWS DINDAHADELOOTNEWS SABJIMANDISEVYAPATISELOTNEWS VYAPARISE25HAJARKILOOTNEWS CHAKUDIKHAKARSABJIVYAPARISELOOTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER