पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के मगरलोड थाना अंतर्गत करेलीबड़ी चौकी क्षेत्र में मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। ग्राम करेलीबड़ी में एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 12 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे प्रदीप रात्रे के नवनिर्मित कॉम्प्लेक्स के सामने हुई। प्रार्थी हिमांशु राज साहू (18 वर्ष) निवासी करेलीबड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी कृष्णा साहू उर्फ लखमा पहले लक्की साहू को अश्लील गालियां दे रहा था। जब हिमांशु ने उसे गाली-गलौज करने से रोका, तो आरोपी भड़क गया और जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला कर दिया।
बताया गया कि आरोपी ने अपने पास रखे स्टील के धारदार चाकू से हिमांशु की पीठ, कमर, कंधे और गले के पास लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोस्तों ने तत्काल उसे शासकीय अस्पताल करेलीबड़ी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवापारा रेफर किया गया।
मामले में करेलीबड़ी चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू को उसके किराए के मकान के पास झाड़ियों से बरामद किया। पुलिस ने आरोपी कृष्णा साहू उर्फ लखमा (21 वर्ष) निवासी करेलीबड़ी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

User 1

.jpg)












