पति के अंतिम संस्कार के दिन नवविवाहिता ने किया आत्महत्या का प्रयास, इलाके में मचा हड़कंप



post

पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम पठारीडीह में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सोमवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, वहीं अगले ही दिन उसके अंतिम संस्कार के दौरान उसकी नवविवाहिता पत्नी ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 24 वर्षीय हितेश जायसवाल के रूप में हुई है। वह रायपुर में जेसीबी मशीन चलाने का काम करता था। करीब चार महीने पहले उसकी शादी तुलसी जायसवाल से हुई थी। शादी के बाद दोनों रायपुर में रह रहे थे और सामान्य वैवाहिक जीवन बिता रहे थे।

बताया जा रहा है कि सोमवार को हितेश अचानक बिना किसी को जानकारी दिए अपने गांव पठारीडीह पहुंचा। गांव पहुंचने के बाद उसने एक नर्सरी में नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब ग्रामीणों ने उसे पेड़ से लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ था। मंगलवार को जब हितेश का अंतिम संस्कार किया जा रहा था, उसी दौरान घर में मौजूद उसकी पत्नी तुलसी जायसवाल की हालत अचानक बिगड़ गई। पति की मौत से सदमे में डूबी तुलसी रोते-रोते बाथरूम में चली गई और गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।

काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसकी मां को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा। अंदर तुलसी फंदे पर लटकी हुई थी। मां की चीख सुनकर घर की अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंचीं और किसी तरह फंदा काटकर उसे नीचे उतारा।

उस समय घर के अधिकांश पुरुष अंतिम संस्कार में गए हुए थे। सूचना मिलते ही उन्हें वापस बुलाया गया और गंभीर हालत में तुलसी को पलारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इस पूरी घटना ने गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस फिलहाल दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में युवक की आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिवार और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BALAUDABAJARNEWS PALARINEWS BALAUDABAHAJARPALARINEWS PATIKEANTIMSANSKARKEDINATMHATYAKAP PATIKEMAUTKEBAADPATNINEKIYAATMHATYAKAPRAYASNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER