पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना रूद्री पुलिस ने ग्राम सोरम में अवैध शराब बिक्री के अड्डे पर रेड मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 51 पौवा देशी प्लेन शराब और बिक्री रकम सहित कुल 4,180 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रूद्री थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सोरम स्थित शराब भट्ठी के पास एक खोमचे में अवैध रूप से शराब बेचने का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान आरोपी बिना किसी वैध दस्तावेज के शराब बेचते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 51 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र गायकवाड (25 वर्ष), निवासी हटकेशर शीतला पारा धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

User 1













