पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर धमतरी पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 5 पिकअप वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 26,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने बताया कि मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण भी बनता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए पिकअप वाहनों में यात्रियों को ले जाते पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। प्रत्येक वाहन चालक से 5,300 रुपये के हिसाब से जुर्माना वसूला गया।
जिन वाहनों पर कार्रवाई हुई उनमें पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 CG 7550, पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 KV 0551, पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 CG 9693, पिकअप वाहन क्रमांक
CG 05 X 0113, पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PG 9640 शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि संबंधित वाहनों के परमिट निरस्तीकरण और वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इसके अलावा धमतरी यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। एल्कोमीटर से जांच के दौरान नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर वाहनों को जब्त कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा मालवाहक वाहनों में सफर करने से बचें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

User 1

.jpg)












