सुशासन तिहार के दौरान लोगों ने अधिकारियों को भवन में किया बंद, पट्टा मांग को लेकर प्रदर्शन



post

पब्लिक स्वर,डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक-5 स्थित आम्बेडकर भवन में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम बुधवार को उस समय विवाद और हंगामे में बदल गया, जब वर्षों से भूमि पट्टा वितरण की मांग कर रहे स्थानीय निवासियों ने कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने आम्बेडकर भवन में ताला जड़ दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब डेढ़ घंटे तक भवन बंद रहने से कार्यक्रम पूरी तरह प्रभावित रहा।

“पट्टा नहीं, तो योजनाओं का लाभ नहीं”

प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों का आरोप है कि वे लंबे समय से जमीन के पट्टे की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि पट्टा नहीं होने के कारण वे प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई परिवार वर्षों से संबंधित जमीन पर निवास कर रहे हैं, लेकिन वैधानिक दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उन्हें बार-बार सरकारी प्रक्रियाओं में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार आवेदन और मांग पत्र देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

सुशासन तिहार में ही प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसंवाद का दावा किया जा रहा है। ऐसे में उसी कार्यक्रम के दौरान लोगों का उग्र विरोध प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब वर्षों से मूलभूत मांगें पूरी नहीं हो रही हैं, तो केवल आयोजन करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा।

डेढ़ घंटे तक बंद रहा आम्बेडकर भवन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान लोगों ने भवन के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया, जिससे अधिकारी और कार्यक्रम से जुड़े लोग अंदर ही फंस गए। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। काफी देर तक समझाइश का दौर चला, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

पुलिस हस्तक्षेप के बाद खुला ताला

मामला बढ़ता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और बल प्रयोग के बीच ताला खुलवाया गया। इस दौरान मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रण में आ गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों की मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DONGARGADHNEWS SUSASANTIHARNEWS SUSASANTIHARKEDAURANLOGONEADHIKARIYONKOKIYABANDNEWS LOGONEADHIKARIYONKOKIYABANDNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER