पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान की आत्महत्या का मामला सामने आया है। शहर की पिंक सिटी कॉलोनी स्थित किराए के मकान में जवान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद के रूप में हुई है, जो भटगांव का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जागेश्वर प्रसाद CAF में पदस्थ था और वर्तमान में सूरजपुर में उसकी ड्यूटी लगी हुई थी। हाल ही में वह बंगाल और असम चुनाव ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर लौटा था।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जवान के शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
पारिवारिक विवाद की बात सामने आई
प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि जवान को शराब पीने की आदत थी। परिजनों द्वारा शराब सेवन को लेकर उसे समझाइश दी जाती थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। इसके बाद जवान ने कथित तौर पर यह आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद हुआ हादसा
सूत्रों के मुताबिक, जवान हाल ही में चुनाव ड्यूटी से लौटा था। लंबे समय तक तनावपूर्ण ड्यूटी और पारिवारिक परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं CAF विभाग में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

User 1















