पब्लिक स्वर,बचेली/दंतेवाड़ा। NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले पर बचेली के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “बच्चों के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़” बताया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों युवाओं की मेहनत और सपनों को शिक्षा माफियाओं ने पैसों के खेल में बदल दिया है। राजेन्द्र कुमार ने कहा कि यदि 2024 में हुए पेपर लीक मामलों पर सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई हुई होती, तो आज फिर लाखों छात्रों को इस तरह की शर्मनाक स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।
उन्होंने कहा— “NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में बार-बार पेपर लीक होना बेहद गंभीर मामला है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन शिक्षा माफिया पैसे के दम पर पूरी व्यवस्था को भ्रष्ट कर रहे हैं। यह सीधे तौर पर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।”
राजेन्द्र कुमार ने केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और NTA की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तमाम दावों और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद अगर पेपर लीक हो रहे हैं, तो यह संबंधित एजेंसियों की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और जिन लोगों ने पैसे लेकर परीक्षा प्रणाली को बदनाम किया है, उन्हें कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
NEET-2026 पेपर लीक विवाद को लेकर छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों के द्वारा लगातार परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

User 1












