रायपुर में 90 लाख की ज्वेलरी चोरी के मुख्य आरोपी ने लगाई फांसी, साथी नाबालिग गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलरी शॉप में हुई करीब 90 लाख रुपए की चोरी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस हाईप्रोफाइल चोरी के मुख्य आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली, जबकि उसके नाबालिग साथी को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से करीब 10 लाख रुपए के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी थे और वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने दो दिन तक ज्वेलरी शॉप की रेकी की थी। चोरी के बाद दोनों गरियाबंद जिले के पांडुका में पार्टी मनाने भी पहुंचे थे।

डॉग स्क्वॉड ने पहुंचाया आरोपियों तक

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जांच शुरू की। स्निफर डॉग दुकान से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांधी नगर-काली नगर रोड तक पहुंचा और वहीं जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में दबिश बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने अभनपुर, चंद्रखुरी और शंकर नगर समेत कई इलाकों के 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुराने अपराधियों से पूछताछ और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर देर रात पुलिस कालीनगर इलाके में एक नाबालिग आरोपी तक पहुंच गई। उसके कब्जे से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए।

घर के अंदर फंदे पर लटका मिला मुख्य आरोपी

पुलिस जब मुख्य आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची तो मकान बाहर से बंद मिला। जांच करने पर आरोपी घर के भीतर फंदे पर लटका मिला। पुलिस को आशंका है कि साथी के पकड़े जाने की खबर मिलने के बाद उसने डर के कारण आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आरोपी के माता-पिता नहीं थे और वह अपनी बहनों के साथ रहता था। पुलिस का मानना है कि वह छत के रास्ते घर के अंदर घुसा और फांसी लगा ली। हालांकि, परिजनों ने उसे निर्दोष बताते हुए फंसाने का आरोप लगाया है।

देर रात कटर से काटा ताला, सिर्फ सोने के जेवर किए पार

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 2:19 बजे दो नकाबपोश आरोपी बाइक से लक्ष्य ज्वेलर्स पहुंचे। अस्पताल के पास बाइक खड़ी कर दोनों पैदल दुकान तक पहुंचे और कटर से ताला काटकर अंदर घुस गए। करीब 20 से 30 मिनट तक दोनों दुकान के भीतर रहे और केवल सोने के जेवरों को निशाना बनाया। चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को उन्होंने हाथ तक नहीं लगाया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

रविवार को दुकान बंद होने के कारण चोरी की जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह दुकान खुलने पर संचालक वंश मरपानी को चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

चोरी के बाद गरियाबंद में की पार्टी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी के अगले दिन दोनों आरोपी गरियाबंद जिले के पांडुका पहुंचे और वहां पार्टी की। देर रात दोनों रायपुर लौटे, लेकिन सोमवार सुबह वारदात की खबर फैलते ही अलग-अलग हो गए। मुख्य आरोपी अधिकतर जेवर अपने पास रखकर उन्हें बेचने की बात कहकर फरार हो गया था।

किराए के मकान में रहकर कर रहे थे रेकी

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले थे और फिलहाल रायपुर के कालीमाता वार्ड में किराए के मकान में रह रहे थे। दोनों ने दुकान की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पहले से रेकी की थी।पुलिस ने यह भी बताया कि करीब 20 दिन पहले ही ज्वेलरी शॉप संचालक को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सेंट्रल लॉक सिस्टम लगाने की सलाह दी गई थी, लेकिन सुरक्षा में लापरवाही के चलते आरोपी वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS SANKARNAGARNEWS RAIPURSANKARNAGARNEWS 90LAKHKIJEWELLARYCHORINEWS JEWELLERYCHORIKEMUKHYAROPINELAGAIFANSINEWS MUKHYAROPINELAGAIFANSINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER