गर्लफ्रेंड को वीडियो भेज युवक ने फांसी लगाकर दी जान, मानसिक दबाव के आरोप



post

पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के CSEB चौकी क्षेत्र स्थित 15 ब्लॉक इलाके में 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनीष चंद्रा के रूप में हुई है, जो एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और मानसिक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय मनीष अपने कमरे में अकेला था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसके बड़े भाई को संदेह हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर मनीष फंदे पर लटका मिला। परिवार के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौत से पहले बनाया वीडियो, गर्लफ्रेंड को भेजा

परिजनों के अनुसार, मनीष का मोबाइल फोन लॉक था। बाद में एक युवती से पासवर्ड लेकर मोबाइल खोला गया। मोबाइल की जांच में एक वीडियो मिला, जिसे मनीष ने मौत से पहले रिकॉर्ड कर उसी युवती को भेजा था। फोन में दोनों के बीच की चैटिंग भी मिली है, जिसे पुलिस जांच का अहम हिस्सा मान रही है।

परिवार का आरोप- युवती बनाती थी मानसिक दबाव

मृतक के बड़े भाई ने आरोप लगाया है कि राताखार क्षेत्र की रहने वाली युवती लगातार मनीष पर मानसिक दबाव बनाती थी। परिवार का कहना है कि युवक पिछले कुछ समय से काफी तनाव में रहने लगा था। वह युवती के लिए अपनी और मां की आईडी से ऑनलाइन सामान खरीदता था और उसकी मांगों को पूरा करने की कोशिश करता था।

परिजनों के मुताबिक, कई बार दोनों के बीच देर रात तक बातचीत होती थी, जिसके बाद मनीष घर से बाहर निकल जाता था। परिवार के लोग उसे समझाकर वापस लाते थे। भाई ने बताया कि उसने कई बार मनीष को उस युवती से दूरी बनाने की सलाह दी, लेकिन वह उसकी बात नहीं मानता था।

डिजिटल सबूतों की जांच में जुटी पुलिस

CSEB चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। मोबाइल चैट, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। संबंधित युवती से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और संभावित मानसिक उत्पीड़न के पहलुओं की जांच कर रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KORBANEWS CSEBCHAUKINEWS KORBACSEBCHAUKINEWS GIRLFRIENDKOVIDEOBHEJANEWS GIRLFRIENDKOVIDEOBHEJYUVAKNELAGAIFANSINEWS YOUVAKNELAGAIFANSINEWS MANSIKDABAVKAAROPNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER