पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नवापारा इलाके के मानिकचौरी गांव में एक घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं मृत महिला की छोटी बहन उसी कमरे में बेहोशी की हालत में खाट पर पड़ी मिली। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस मामले को संदिग्ध मौत मानकर हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मानिकचौरी निवासी भोज बाई रात्रे (58 वर्ष) और उनकी छोटी बहन मीरा बाई रात्रे (55 वर्ष) गांव में साथ रहती थीं। दोनों बहनें लंबे समय से गांव में रहकर अपना जीवन-यापन कर रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य रायपुर में निवास करते हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात दोनों ने साथ में भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चली गईं।
शुक्रवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और भीतर से किसी तरह की हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। आसपास के लोग जब घर के भीतर पहुंचे तो दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। बड़ी बहन भोज बाई जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि मीरा बाई खाट पर अचेत हालत में मिलीं। घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर अभनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बेहोश महिला को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतका के शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत के कारण को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच बंद कमरे में दम घुटने, भीषण गर्मी या किसी अन्य कारण को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों महिलाएं शांत स्वभाव की थीं और गांव में अकेले ही रहती थीं। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है, जिसके बाद भाई और अन्य रिश्तेदार रायपुर से गांव पहुंच रहे हैं। अभनपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।

User 1












