पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। मंगलवार सुबह रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। राजिम-रायपुर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार अभनपुर बायपास ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक के पास मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक शव पड़ा देखा। शव की हालत बेहद भयावह थी। पुलिस जांच में मृतक के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर ट्रेन से टकराने के गंभीर निशान मिले हैं।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बाइक भी खड़ी मिली है, जिसे मृतक की बाइक माना जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक का बेटा ट्रैक के सामने स्थित सोनी मल्टी अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि युवक अपने बेटे को देखने अस्पताल आया था।
इसी बीच घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला महज हादसा है या फिर आत्महत्या। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक मूल रूप से महासमुंद जिले के पचेड़ा क्षेत्र का रहने वाला था, जबकि उसका ससुराल ग्राम सिवनी में है।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है।

User 1













