पब्लिक स्वर,कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित रिसदा बस्ती में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला को एक युवक के साथ कथित आपत्तिजनक हालत में देखे जाने का मामला सामने आया। घटना का वीडियो भी इलाके में तेजी से वायरल हो रहा है। मामले को लेकर बस्ती के लोगों में भारी नाराजगी है और उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने छोटे बच्चे के साथ रिसदा बस्ती में रहती है। उसका पति मजदूरी के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है और कई बार बच्चे को भी साथ ले जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला के घर एक युवक का लगातार आना-जाना था, जिससे इलाके का माहौल प्रभावित हो रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि इसको लेकर पहले भी आपत्ति जताई गई थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को एक बाइक सवार युवक महिला के घर पहुंचा था। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों को इसकी भनक लगी। इसी दौरान एक व्यक्ति मोबाइल कैमरा लेकर घर के भीतर पहुंचा, जहां महिला और युवक कथित आपत्तिजनक स्थिति में मिले। इसके बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख युवक मौके से बाइक छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विरोध करने पर महिला कई बार गाली-गलौज और विवाद पर उतर आती थी। इसी वजह से बस्ती के लोग अब महिला को इलाके से हटाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे बस्ती का सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है और समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। मामले में पुलिस ने युवक की छोड़ी गई बाइक को जब्त कर लिया है। वाहन नंबर के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
वहीं, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बस्ती के लोगों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस लोगों से अफवाहों से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रही है।

User 1









