पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। अभनपुर में पेट्रोल नहीं मिलने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए लोगों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। घटना में कर्मचारी घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, अभनपुर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर इन दिनों भारी भीड़ देखने को मिल रही है। पेट्रोल भरवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी और तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने की बात पर कुछ लोगों का पेट्रोल पंप कर्मचारियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और आरोपियों ने कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
स्थिति को देखते हुए कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहकर लोगों को शांतिपूर्वक पेट्रोल दिलाने और व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लगातार बढ़ती भीड़ और पेट्रोल को लेकर असमंजस की स्थिति के कारण लोगों में बेचैनी बढ़ रही है। ऐसे में प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों के सामने व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

User 1











