पब्लिक स्वर,बलौदा-बाजार। बलौदा-बाजार जिले के भाटापारा शहर के व्यस्त हटरी बाजार इलाके में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग कपड़े और मोबाइल की दुकानों में भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के दौरान अचानक पुरानी बिल्डिंग भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से नगर सेना का जवान कृष्णा खुंटे गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
देर रात भड़की आग, बाजार में मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, हटरी बाजार स्थित बाबूलाल बत्रा की कपड़े की दुकान और पास की मोबाइल दुकान में देर रात अचानक आग लग गई। गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरी बिल्डिंग धधकने लगी। रात के समय बाजार क्षेत्र में आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा शहर थाना प्रभारी अमित पाटले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना देकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया।
कई फायर टीमों ने संभाला मोर्चा
आग की भयावहता को देखते हुए सिर्फ स्थानीय दमकल ही नहीं, बल्कि नगर सेना बलौदाबाजार, भाटापारा फायर ब्रिगेड, अंबुजा सीमेंट रवान और अल्ट्राटेक सीमेंट हिरमी की फायर टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि दुकान के भीतर रखा कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर पूरी तरह जलने लगा। आग की गर्मी से आसपास की दीवारें भी कमजोर पड़ गईं।
आग बुझाते समय ढही बिल्डिंग
राहत कार्य के दौरान सबसे बड़ा हादसा तब हुआ, जब आग की तपिश से कमजोर हो चुकी पुरानी बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। इस दौरान आग बुझाने में जुटे नगर सेना के जवान कृष्णा खुंटे उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों के मुताबिक, उनके पैर में गंभीर चोट आई है। मौके पर मौजूद टीम ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
सुबह तक चला राहत अभियान
फायर ब्रिगेड की टीमों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में पूरी रात लग गई। शुक्रवार सुबह तक लगातार मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक दुकानों में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
शॉर्ट सर्किट या लापरवाही? जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस और प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं। व्यापारियों से भी नुकसान और घटनाक्रम को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

User 1









