पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के आरंग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकतरा की सरपंच देवकी टंडन के खिलाफ ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। गांव के लोगों ने सरपंच पर निजी रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने, मनमानी करने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीण अब सरपंच से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता उपेंद्र भारती ने आरोप लगाया कि सरपंच देवकी टंडन के पदभार संभालने के बाद से ही गांव में असंतोष का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि ग्राम बकतरा में स्थित औद्योगिक संस्थानों को पंचायत की बैठक बुलाए बिना ही अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया गया। आरोप है कि इसके एवज में मोटी रकम वसूली गई है।
मामले की शिकायत जिलाधीश और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से भी की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सरपंच की मनमानी के कारण गांव विकास कार्यों में पिछड़ गया है और पंचायत व्यवस्था प्रभावित हुई है।
उपेंद्र भारती ने यह भी दावा किया कि ग्राम पंचायत में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) आरंग से शिकायत कर सरपंच के खिलाफ अवैध वसूली का मामला दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। शिकायतकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।

User 1












