वायरल होने की चाह में नेशनल हाईवे पर नियमों की उड़ाई धज्जियां, वायरल वीडियो पर पुलिस का एक्शन



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में लोग किस हद तक जोखिम उठा रहे हैं, इसका एक और मामला बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर सामने आया है। यहां एक युवती ने चलती कार के सामने रैंप वॉक किया, शैंपेन की बोतल खोलकर सड़क पर जश्न मनाया और कार की छत व सनरूफ से बाहर निकलकर अलग-अलग पोज देते हुए रील बनाई। अब यह वीडियो सोशल Media पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामला कोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो देर रात कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास का है। वीडियो में एक लग्जरी कार सड़क पर धीमी गति से चलती दिखाई दे रही है, जबकि युवती उसके सामने रैंप वॉक करती नजर आती है। इसके बाद वह शैंपेन की बोतल खोलकर झाग उड़ाते हुए सड़क पर जश्न मनाती है। वीडियो के अन्य हिस्सों में युवती कार की छत और सनरूफ से बाहर निकलकर पोज देती दिखाई दे रही है।

नंबर प्लेट से हुई पहचान

वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार का नंबर CG10-CD-141 बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में धारा 135 सहित अन्य प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस बोली- स्टंट बन सकता था हादसे की वजह

ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि मुख्य मार्ग और नेशनल हाईवे पर इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि गंभीर सड़क हादसों को भी न्योता देते हैं। उन्होंने बताया कि वाहन को जब्त करने की प्रक्रिया की जा रही है और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को भी पत्र भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा कि चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, सड़क पर डांस या स्टंट करना और ट्रैफिक बाधित करने वाले वीडियो बनाना बेहद खतरनाक है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सोशल मीडिया रील्स के लिए बढ़ रहा जोखिम

पिछले कुछ समय में सोशल मीडिया रील्स और वायरल वीडियो बनाने के लिए सार्वजनिक जगहों, रेलवे ट्रैक, हाईवे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्टंट करने के मामले लगातार बढ़े हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, वायरल होने की होड़ में युवा अपनी और दूसरों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। नेशनल हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की हरकतें किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थीं।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BILASPURNEWS BILASPURKORBANESHNALHIGHVEYNEWS NESHNALHIGHVEYPARREELNEWS NESHNALHIGHVEYPARKHATARNAKREELNEWS VIRALHONEKICAHMENIYAMOKIDHAJJINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER