पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। प्रेम विवाह के महज दो महीने बाद नवविवाहिता के घर से अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद लेकर अपने पुराने प्रेमी के साथ फरार हो गई है। मामले की शिकायत डीडी नगर थाना में की गई है।
जानकारी के अनुसार, डीडी नगर थाना क्षेत्र निवासी गगन साहू और युवती के बीच करीब 6 महीने तक प्रेम संबंध रहा। दोनों ने परिवार की सहमति से 20 मार्च को शादी की थी। शादी के दौरान दोनों ने साथ निभाने के वादे किए, लेकिन विवाह के दो महीने बाद ही रिश्ते में दरार आ गई।
पीड़ित पति गगन साहू का कहना है कि उसकी पत्नी अचानक घर से बिना बताए गायब हो गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है। उसे शक है कि पत्नी अपने पुराने बॉयफ्रेंड के साथ चली गई है। घटना के बाद से परिवार परेशान है और लगातार युवती की तलाश कर रहा है। वहीं, डीडी नगर थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती की लोकेशन और संभावित संपर्कों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।

User 1












