पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर नगर निगम के जोन-10 में भाजपा के भीतर आंतरिक असंतोष खुलकर सामने आ गया है। जोन के छह भाजपा पार्षदों ने अपने ही जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। पिछले लगभग 15 दिनों से चल रहा यह विवाद अब संगठन और निगम स्तर से आगे बढ़कर पार्टी नेतृत्व तक पहुंच गया है।
जानकारी के अनुसार, नाराज पार्षदों ने इस अवधि में तीन बार महापौर मीनल चौबे से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी है। इसके अलावा यह मुद्दा भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, सभापति सूर्यकांत राठौड़, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और स्थानीय विधायक के समक्ष भी उठाया गया। बताया जा रहा है कि इन बैठकों में इस प्रकरण पर करीब दो घंटे तक विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें पार्षदों ने अपनी कार्यप्रणाली और समन्वय को लेकर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराईं। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब महिला पार्षदों सहित सभी असंतुष्ट पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे जोन-10 कार्यालय में तालाबंदी कर धरने पर बैठेंगे। इस चेतावनी के बाद नगर निगम प्रशासन और पार्टी संगठन में हलचल बढ़ गई है।
वहीं, जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके और पार्षदों के बीच किसी प्रकार का विवाद या अनबन नहीं है। उनका कहना है कि सभी कार्य सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। इधर, महापौर मीनल चौबे ने भी इस मामले को स्वीकार करते हुए कहा कि पार्षदों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पक्षों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

User 1












