Header Ad


धमतरी post authorUser 1 29 June 2026

धमतरी में सनसनीखेज हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में हुई हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों (किशोरों) की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी नकदी, मृतक का मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त हथियार और वाहन समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एसडीओपी नगरी, थाना प्रभारी नगरी, साइबर थाना और अन्य पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर पूरे मामले का खुलासा किया।

मजदूरी विवाद और अपमान से पनपी रंजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक विप्लव मंडल निजी फिश फार्म का संचालन करता था, जहां आरोपी मजदूरी करते थे। आरोपियों ने मजदूरी बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक द्वारा कथित तौर पर आरोपियों के साथ लगातार अपमानजनक व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने से उनके मन में गहरी रंजिश पैदा हो गई। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले 25 जून 2026 को हत्या की योजना बनाई, लेकिन परिस्थितियों के कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद उन्होंने दोबारा सुनियोजित साजिश रचते हुए 27 जून 2026 को हत्या और लूट की वारदात को अंजाम दिया।

तकनीकी जांच से खुली पूरी साजिश

वारदात के बाद नगरी पुलिस और साइबर टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण, सघन पूछताछ और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनके मेमोरेण्डम बयान और निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई पूरी नकदी, मृतक का मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन बरामद कर लिए, जिससे पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ गईं।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है— नेताम उर्फ मयंक नेताम (19 वर्ष), पिता- यशवंत नेताम, सुरेंद्र यादव (26 वर्ष), पिता- रमन यादव, जगदीश विश्वकर्मा (50 वर्ष), पिता- धनीराम विश्वकर्मा इसके अलावा मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, DHAMTRI NEWS, NAGRI NEWS, DHAMTARI NAGRI NEWS, HATYA KAND NEWS, DHAMTRI NAGRI HATYA KAND NEWS, MACHLI VYAPARI KI HATYA NEWS, 48 GHANTE ME HATYA KAND KA KHULASA NEWS, HATYAKAND KA KHULASA NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER