पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए अवैध मकानों पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के आशियाने उजाड़कर विधायकों के लिए आवास बनाने का रास्ता साफ कर रही है, जबकि सरकारी जमीन की कोई कमी नहीं है। बैज ने कहा कि यदि सरकार के पास पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, तो गरीब परिवारों के घरों को तोड़ने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे जनविरोधी फैसला बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी और प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।
बस्तर के जल संकट पर भी सरकार को घेरा
दीपक बैज ने बस्तर में इंद्रावती नदी और चित्रकोट जलप्रपात के घटते जलस्तर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हालात इतने गंभीर हो गए कि सरकार को जलप्रपात में पानी छोड़ना पड़ा। बैज का कहना है कि राज्य सरकार को छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक संसाधनों और प्रदेश के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए तथा जल प्रबंधन को लेकर दीर्घकालिक और प्रभावी नीति अपनानी चाहिए।
चुनाव और केंद्रीय एजेंसियों पर लगाए आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा सरकार और केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछला विधानसभा चुनाव निष्पक्ष माहौल में नहीं हुआ। बैज ने दावा किया कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक कांग्रेस ने व्यापक स्तर पर काम किया, लेकिन ED और CBI जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर राजनीतिक माहौल प्रभावित किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। बैज ने विश्वास जताया कि 2028 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

User 1












