Header Ad


मलबे में बदले घर, बेबस दिखे परिवार: नकटी में प्रशासन की कार्रवाई के बीच आईं मार्मिक तस्वीरें



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी परियोजना को लेकर सोमवार सुबह बड़ा प्रशासनिक अभियान शुरू हुआ। इस कार्रवाई के तहत करीब 80 मकानों को हटाया जा रहा है, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) और इंदिरा आवास योजना के तहत बने 32 मकान भी शामिल हैं। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए, जिससे पुलिस और लोगों के बीच धक्का-मुक्की व हंगामे की स्थिति बन गई।

प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रविवार देर रात से ही 1000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती कर दी थी। सोमवार सुबह जब प्रशासनिक टीम जेसीबी मशीनों के साथ गांव पहुंची, तो कई ग्रामीण मशीनों के सामने खड़े हो गए और कार्रवाई रोकने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को हटाकर अभियान आगे बढ़ाया, जिसके दौरान तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

भावुक कर देने वाली तस्वीरें आईं सामने

कार्रवाई के दौरान कई ऐसी तस्वीरें सामने आईं जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को मानवीय संवेदना से जोड़ दिया। कई परिवार अपने घरों से सामान निकालकर खुले में बैठे नजर आए, जबकि कुछ लोग टूटे हुए मकानों के मलबे के बीच अपने छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ बेबस दिखाई दिए। एक तस्वीर में एक बुजुर्ग मलबे पर मासूम बच्चे को गोद में लिए बैठे नजर आए, जिसने पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को उजागर किया।

विधायक कॉलोनी परियोजना के लिए खाली कराई जा रही जमीन

प्रशासन के अनुसार, नकटी गांव की यह जमीन प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई है। इसी परियोजना के तहत अतिक्रमण हटाने और भूमि खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और कई मकान सरकारी आवास योजनाओं के तहत बने हैं, इसलिए उन्हें पर्याप्त समय और वैकल्पिक व्यवस्था दिए बिना बेदखल करना उचित नहीं है।

पुनर्वास का दावा

विरोध के बीच प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (Economically Weaker Section) आवासों में प्रभावित लोगों को बसाने के लिए आवंटन की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का दावा है कि पात्र परिवारों को नियमानुसार वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाएगा।।फिलहाल नकटी गांव में प्रशासनिक कार्रवाई जारी है और पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है। स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, RAIPUR NEWS, NAKTI GAON NEWS, RAIPUR MANA NAKTI NEWS, NAKTI ME CHALA BULDOGAR NEWS, NAKTI E TUTE MAKAN NEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER