पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में पत्नी की मौत के गहरे सदमे से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पत्नी के निधन के बाद वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल सोनी, निवासी ब्राह्मण पारा, धमतरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद से अनिल काफी गुमसुम रहने लगे थे और मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे। आशंका है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया।
परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो वे तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का स्पष्ट पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

User 1











