पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में रविवार शाम एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां दो पत्नियों को एक ही घर में साथ रखने की जिद में एक युवक करीब 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक की इस हरकत से गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और करीब डेढ़ घंटे तक चले समझाइश के बाद दोनों पत्नियों को मौके पर बुलाया गया। आखिरकार उनकी बात मानकर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की। यह पूरा मामला धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेंड्रा का है।
दो शादियां, फिर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम भेंड्रा निवासी यादराम साहू (30) खेती-किसानी करता है। उसकी पहली शादी वर्ष 2019 में हुई थी। बाद में एक युवती से प्रेम संबंध बनने के बाद उसने 2022 में दूसरी शादी भी कर ली। शुरुआत में दोनों पत्नियां एक ही घर में रहती थीं, लेकिन समय के साथ आपसी विवाद बढ़ने लगे। लगातार होने वाले झगड़ों के कारण दूसरी पत्नी अलग रहने लगी। बताया जा रहा है कि यादराम चाहता था कि दोनों पत्नियां फिर से एक साथ एक ही घर में रहें, लेकिन दोनों इसके लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर रविवार को परिवार में विवाद हुआ।
विवाद के बाद चढ़ गया हाईटेंशन टावर
पारिवारिक विवाद के बाद यादराम गांव के पास स्थित करीब 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। उसे टावर पर देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल भखारा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
दोनों पत्नियों के समझाने पर नीचे उतरा
जब पुलिस की समझाइश का असर नहीं हुआ तो युवक की दोनों पत्नियों को मौके पर बुलाया गया। दोनों ने उसे शांत कराया और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पहले भी कर चुका है ऐसी हरकत
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक महीने के भीतर यह दूसरी घटना है, जब यादराम किसी बात से नाराज होकर हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। इससे पहले भी उसे समझाकर नीचे उतारा गया था।
पुलिस ने की वैधानिक कार्रवाई
भखारा पुलिस ने बताया कि युवक शाम करीब 7:30 बजे सुरक्षित नीचे उतर आया। उसकी दोनों पत्नियां भी मौके पर मौजूद थीं और उनके समझाने पर ही वह नीचे आने को तैयार हुआ। थाना प्रभारी के मुताबिक, युवक के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 151 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उसकी इस हरकत से गांव में तनाव और सनसनी का माहौल बन गया था। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

User 1














