पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में वाहन नहीं देने की बात से नाराज तीन युवकों ने आधी रात एक परिवार के घर में घुसकर महिला, उसके पति और बेटी के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ भी की। मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सेहराडाबरी निवासी प्रीति साहू (34) ने शिकायत दर्ज कराई कि 23 जून की रात करीब 9 बजे उमेश साहू उनके घर वाहन मांगने आया था। वाहन देने से मना करने पर वह नाराज होकर चला गया।
इसके बाद उसी रात करीब 12 बजे उमेश साहू उर्फ छोटू, देवेंद्र साहू और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस एक राय होकर जबरन उनके घर में घुस गए। तीनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए प्रीति साहू, उनके पति मनोज साहू और बेटी नीलिमा साहू से मारपीट की। आरोप है कि उमेश साहू ने लकड़ी के डंडे से हमला कर मनोज और नीलिमा को घायल कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
हमले के दौरान आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सी और मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया, जिससे परिवार दहशत में आ गया।
शिकायत के आधार पर अर्जुनी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना में आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर पुलिस ने देवेंद्र साहू (22), उमेश साहू उर्फ छोटू (22) और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस (18) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

User 1











