पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के सिटी कोतवाली थाना परिसर में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में थाना पहुंचकर धरने पर बैठ गए। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि गरियाबंद निवासी एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर आदिवासी समुदाय के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित युवक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, आदिवासी समाज के सदस्य शिकायत लेकर सिटी कोतवाली पहुंचे थे। उनका आरोप था कि शिकायत सौंपे जाने के बावजूद तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसी बात से नाराज होकर समाज के लोगों ने थाना परिसर के सामने धरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए पुलिस थाना परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी के खिलाफ कड़ा विरोध जताया। वहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वनवासी संबंधी बयान को लेकर भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि आदिवासी समुदाय की पहचान और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
धरना-प्रदर्शन के बीच पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और शिकायत पर नियमानुसार जांच एवं उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाज के लोगों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि प्राप्त आवेदन और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है। जांच में यदि आपत्तिजनक सामग्री और संबंधित आरोपों की पुष्टि होती है तो कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

User 1















