पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। गोबरा नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल के निलंबन के बाद अब अभनपुर थाना क्षेत्र भी चर्चा में आ गया है। सूत्रों के अनुसार, अभनपुर क्षेत्र में लंबे समय से जुआ, सट्टा और अवैध शराब कारोबार संचालित होने की शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंची हैं। आरोप है कि कार्रवाई के दावों के बावजूद इन अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है।
सूत्रों का कहना है कि कुछ पुलिस कर्मियों की भूमिका को लेकर भी शिकायतें की गई हैं, जिनमें अवैध कारोबारियों को संरक्षण दिए जाने के आरोप शामिल हैं। गोबरा नवापारा में हुई कार्रवाई के बाद अब अभनपुर क्षेत्र से जुड़ी शिकायतों को भी गंभीरता से देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि अभनपुर थाने में लंबे समय तक पदस्थ रहने के बाद एक पुलिस अधिकारी का तबादला मुजगहन थाने में किया गया था, लेकिन बाद में उनकी पुनः अभनपुर में पदस्थापना हो गई। क्षेत्र में चर्चा है कि लंबे समय से एक ही क्षेत्र से जुड़े रहने के कारण अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया और जुआ, सट्टा व अवैध शराब कारोबार को बढ़ावा मिला। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिंह ने गोबरा नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल को अवैध शराब कारोबार पर नियंत्रण स्थापित करने में विफल रहने और संदिग्ध आचरण के आरोप में निलंबित किया है। इसके बाद रायपुर ग्रामीण पुलिस के अन्य थाना क्षेत्रों में भी अवैध गतिविधियों और पुलिस की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों का दावा है कि अभनपुर क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अवैध शराब कारोबार से जुड़ी शिकायतों के मद्देनजर संबंधित पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में रायपुर ग्रामीण पुलिस महकमे में और भी प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

User 1















