नशे का नेटवर्क या प्रशासनिक लापरवाही? स्कूल के आसपास नशे और असामाजिक गतिविधियों के दावों से मचा हड़कंप



post

पब्लिक स्वर,दुर्ग। भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में नशाखोरी और मारपीट से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। एक वीडियो में कथित तौर पर नशे के इस्तेमाल से जुड़े सामान दिखाए गए हैं, जबकि दूसरे वीडियो में कुछ युवकों के बीच मारपीट होती नजर आ रही है। दोनों वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक स्थानीय ब्लॉगर खुर्सीपार के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर नशे के उपयोग के बाद फेंके गए इंजेक्शन, सिरिंज और दवाइयों के रैपर लोगों को दिखाता नजर आ रहा है। वीडियो में उसने दावा किया है कि क्षेत्र में खुलेआम नशाखोरी हो रही है और स्कूल परिसर समेत सार्वजनिक स्थानों के आसपास बड़ी मात्रा में ऐसे सामान पड़े हुए हैं।

ब्लॉगर ने वीडियो के माध्यम से पुलिस प्रशासन से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उसने थाना प्रभारी से स्कूल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने की अपील भी की है। वीडियो में केनाल रोड स्थित गार्डन क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पड़े इंजेक्शन और अन्य सामग्री दिखाए जाने का दावा किया गया है।

वहीं, दूसरा वायरल वीडियो युवकों के बीच मारपीट का बताया जा रहा है। वीडियो को कथित रूप से घटना में शामिल युवकों द्वारा ही सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखे गए शब्द भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर पुलिस द्वारा नियमित चेकिंग अभियान, दबिश और नशे के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र से इस तरह के वीडियो सामने आना चिंता का विषय है। लोगों का आरोप है कि खुर्सीपार में नशे का कारोबार और असामाजिक गतिविधियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में खुर्सीपार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रधुवीर नेताम नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 1 किलो 84 ग्राम गांजा और बिक्री से जुड़ी रकम समेत कुल 55 हजार 450 रुपये का सामान जब्त किया गया था। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर सामने आए नए वीडियो क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई की प्रभावशीलता को लेकर बहस छेड़ रहे हैं।

फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और उनमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन घटनाओं ने क्षेत्र में नशाखोरी और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DURGNEWS BHILAINEWS DURGBHILAINEWS SCHOOLKEAASPAASNASHEKEDAVONSEMACHAHADKAMPNEWS SCHOOLKEAASPAASORAVIFHGATIVIDHINEWS NASHEKANETVARKNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER