पब्लिक स्वर,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने अपने ही दो देवरों पर अलग-अलग समय पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद गौरेला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला के पति का लगभग 10 वर्ष पहले निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद वह अकेले जीवन यापन कर रही थी। महिला का आरोप है कि इसी परिस्थिति का फायदा उठाकर उसके रिश्ते में लगने वाले दो देवरों ने अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पहले भी की थी शिकायत की कोशिश
पीड़िता ने बताया कि उसने पहले भी मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई कराने का प्रयास किया था, लेकिन विभिन्न कारणों से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। बाद में वह करीब एक वर्ष के लिए दूसरे स्थान पर चली गई थी। गौरेला थाना प्रभारी ने बताया कि महिला द्वारा पूर्व में आवेदन दिया गया था, लेकिन उसके बाद वह लंबे समय तक क्षेत्र से बाहर रही। शिकायत में उपलब्ध कराया गया मोबाइल नंबर भी बंद या गलत मिलने के कारण पुलिस उससे संपर्क नहीं कर सकी। हाल ही में महिला के वापस लौटने पर उसकी शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई।
दोनों मामलों में अलग-अलग FIR दर्ज
थाना प्रभारी के मुताबिक, पीड़िता के बयान के अनुसार दोनों घटनाएं अलग-अलग समय, अलग परिस्थितियों और अलग व्यक्तियों द्वारा की गई थीं। इसी वजह से कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और उनकी तलाश जारी है।
जांच के कई अहम बिंदु
पुलिस अब पीड़िता के विस्तृत बयान, घटनाओं के समय और परिस्थितियों सहित अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और पारिवारिक रिश्तों में विश्वास के सवाल को सामने लाती है, जहां आरोप परिवार के भीतर के ही लोगों पर लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

User 1













