तहसील कार्यालय में विवाद के बाद सियासत तेज, कलेक्टर ने दिए निष्पक्ष जांच के संकेत



post

पब्लिक स्वर,सरगुजा। सरगुजा जिले के मैनपाट तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार और सीतापुर विधायक के बीच हुआ विवाद अब बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक ओर विधायक की बहन ने नायब तहसीलदार पर बदसलूकी का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर नायब तहसीलदार ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब प्रशासनिक सेवा संघ भी खुलकर नायब तहसीलदार के समर्थन में सामने आ गया है।

जानकारी के मुताबिक, मैनपाट तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के बीच 27 मई को किसी मुद्दे को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कथित मारपीट तक की नौबत आ गई।

घटना के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन सीमा धनकी ने सीतापुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और बदतमीजी की। दूसरी तरफ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने भी विधायक और उनके समर्थकों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने कलेक्टर अजीत बसंत को ज्ञापन सौंपते हुए विधायक और उनके समर्थकों के व्यवहार की कड़ी निंदा की है। संघ ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के अधिकारी सामूहिक हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।

इधर, कलेक्टर अजीत बसंत ने पूरे मामले में दोनों पक्षों की शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS SARGUJANEWS MAINPATHNEWS SARGUJAMAINPATHNEWS TAHDILKARALAYMEVIVADNEWS VIDHAYAKORNAYABTAHDILDARKEBICHVIVADNEWS COLLECTORNEDIYEJANCHKEADESHNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER