मुख्यमंत्री के दौरे से पहले धमतरी में सियासी हलचल, कई कांग्रेसी कार्यकर्ता नजरबंद



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित दौरे से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। रविवार को आयोजित होने वाले ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम से पहले पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई ने जिले की सियासत को नया मोड़ दे दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम से पहले विपक्ष की आवाज दबाने के लिए उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह से ही पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया या घरों में ही नजरबंद कर दिया। इनमें कांग्रेस के स्थानीय नेता, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष, पार्षद, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं। कई नेताओं के घरों के बाहर पुलिस बल भी तैनात किया गया।

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार दोपहर करीब 2 बजे धमतरी पहुंचने वाले हैं। वे पुराना कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का निरीक्षण करेंगे और आमसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही धमतरी जिले के लिए कुछ नई घोषणाओं की भी संभावना जताई जा रही है।

इधर, कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि प्रदेश में वास्तव में सुशासन है, तो विरोध करने वालों को रोकने और नजरबंद करने की जरूरत क्यों पड़ रही है। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग और राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS MUKHYMANTRIKEDAURESEPAHLEDAMTARIMESIYASIHALCHALNEWS DHAMTARIMECMKEDAURESEPAHLESIYASIHALCHALNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER