माल वाहन से निकली रस्सी में फंसा बाइक सवार का गला, शिकायत दर्ज



post

पब्लिक स्वर,कोरबा। शहर में लापरवाहीपूर्वक सामान उतारना एक बाइक सवार के लिए जानलेवा साबित होते-बचते रह गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में माल वाहन से सामान उतारने के दौरान निकली रस्सी एक बाइक सवार के गले में फंस गई, जिससे वह अचानक सड़क पर असंतुलित हो गया। घटना के बाद जब पीड़ित ने विरोध किया तो वाहन चालक और हमाल ने उसके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित राजू साहू (52) संजय नगर सीतामणी स्थित गुप्ता गली के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि वे सामान लेकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रेमचंद अर्जुन दास दुकान के पास खड़े माल वाहन (CG 12 BM 9790) से सामान उतारा जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन से बंधी रस्सी सड़क की ओर फैली हुई थी, जिसकी ओर किसी का ध्यान नहीं था।

इसी बीच वहां से गुजर रहे राजू साहू का गला अचानक रस्सी में फंस गया। घटना इतनी अचानक हुई कि वे संभल नहीं सके और बाइक सहित झटका खाकर गिरते-गिरते बचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बाइक की रफ्तार अधिक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद जब राजू साहू ने लापरवाही को लेकर आपत्ति जताई तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि वाहन चालक और हमाल ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KORBANEWS KOTVALITHANANEWS KORBAKOTVALITHANANEWS MAALVAHAKVAHANNEWS RASSIMEFANSABIKESAVARKAGALANEWS RASSIMEFANSABIKESAVARKAGALANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER