पुलिस की जांच में खुला MCX किंग मन्नू नत्थानी के ऑनलाइन सट्‌टा कारोबार का राज, तलाश में जुटी पुलिस



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्‌टे के खिलाफ चल रही कार्रवाई में अब एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। रायगढ़ पुलिस की जांच में सराफा कारोबारी अभिनंदन नत्थानी उर्फ ‘मन्नू नत्थानी’ का नाम सामने आया है, जिसे सट्‌टा कारोबार की दुनिया में ‘MCX किंग’ के नाम से जाना जाता है। पुलिस का दावा है कि मन्नू नत्थानी ने रिश्तेदारों, दोस्तों और भरोसेमंद एजेंटों के जरिए छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश तक ऑनलाइन बेटिंग का संगठित नेटवर्क खड़ा कर रखा था।

गोवा से ऑपरेट हो रहा था IPL सट्‌टा नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि गोवा के कैंडोलिम बीच इलाके में किराए के विला लेकर IPL मैचों पर करोड़ों रुपए का ऑनलाइन सट्‌टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी “अभिनंदन बुक” नाम से बेटिंग प्लेटफॉर्म चला रहे थे, ताकि खिलाड़ियों और एजेंटों के बीच भरोसा बनाया जा सके। रायगढ़ पुलिस ने हाल ही में गोवा से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और सुलभ खंडेलवाल शामिल हैं।

7 सेकेंड पहले मिलता था मैच अपडेट

पुलिस जांच में एक बेहद अहम तकनीकी पहलू भी सामने आया है। आरोपी ऐसे विशेष ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसमें क्रिकेट मैच का लाइव अपडेट टीवी प्रसारण से लगभग 7 सेकेंड पहले मिल जाता था। इसी समय के अंतर का फायदा उठाकर सटोरिए तुरंत रेट बदल देते थे और खिलाड़ियों से भारी मुनाफा कमाते थे।


दुबई से आती थी बेटिंग आईडी

पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क की जड़ें अंतरराज्यीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैली हुई हैं। जांच में पता चला है कि बेटिंग आईडी दुबई से उपलब्ध कराई जाती थीं, जिन्हें रायपुर, नागपुर, सक्ती, खरसिया और अन्य शहरों तक एजेंटों के जरिए पहुंचाया जाता था।इसके बाद छोटे खाईवालों और प्लेयर्स तक आईडी पहुंचती थी। हर ट्रांजेक्शन पर कमीशन तय था और पूरे नेटवर्क में करोड़ों रुपए का लेन-देन हो रहा था।

हवाला नेटवर्क के मिले संकेत

जांच एजेंसियों को हवाला नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग भी मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोबाइल फोन के जरिए नोटों के सीरियल नंबर शेयर कर रकम ट्रांसफर किए जाने के सबूत मिले हैं। इससे अंदेशा है कि बेटिंग से कमाई गई रकम को हवाला चैनलों के जरिए इधर-उधर किया जा रहा था। मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दबिश के दौरान आरोपी मोबाइल और दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे।

पहले भी गिरफ्तार हो चुका है मन्नू नत्थानी

मन्नू नत्थानी का नाम पहली बार सामने नहीं आया है। रायपुर पुलिस उसे 2014 और 2023 में भी गिरफ्तार कर चुकी है। 2023 की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 20 करोड़ रुपए के ट्रांजेक्शन पकड़े जाने का दावा किया था। इसके बावजूद अब तक नेटवर्क का सक्रिय बने रहना कानून व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर रहा है।

राजनीतिक और अफसरशाही कनेक्शन की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, मन्नू नत्थानी की पहुंच कई प्रभावशाली लोगों तक बताई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि उसके कुछ आईपीएस, आईएएस अधिकारियों और राजनीतिक परिवारों से करीबी संबंध रहे हैं। वह कथित तौर पर कुछ सरकारी ठेकों से भी जुड़ा रहा है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से किसी राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण की पुष्टि नहीं की है, लेकिन जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

रायपुर में भी सक्रिय सट्‌टा नेटवर्क!

सूत्रों के मुताबिक, रायपुर में भी ऑनलाइन सट्‌टे का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। ‘चीकू’ नामक एक कथित सटोरिए का नाम सामने आ रहा है, जिस पर ‘FBBET77’ नाम की वेबसाइट ऑपरेट कराने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह प्लेटफॉर्म करीब डेढ़ साल से सक्रिय है और इसमें 10 रुपए से लेकर लाखों रुपए तक का दांव लगाया जा सकता है। दावा है कि इसका रोजाना टर्नओवर लाखों रुपए में है और इसका संचालन भी बाहरी नेटवर्क और एजेंटों के जरिए किया जा रहा है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

बड़ा सवाल: आखिर कब टूटेगा ऑनलाइन सट्‌टे का नेटवर्क?

छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन बेटिंग का यह मामला केवल सट्‌टे तक सीमित नहीं दिखता, बल्कि इसमें टेक्नोलॉजी, हवाला, अंतरराज्यीय नेटवर्क और प्रभावशाली संपर्कों का जटिल गठजोड़ सामने आ रहा है। रायगढ़ पुलिस अब मन्नू नत्थानी समेत पूरे सिंडिकेट की तलाश में जुटी हुई है। आने वाले दिनों के जांच में और बड़े नाम सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS RAYGADHPOLICENEWS POLICEJANCHMEKHULAMCXKINGKAONLINESATTAKAROBARKARAJNEWS MCXKINGMANNUNATTHANIKAONLINRSATTACAROBAR ONLINESATTACAROBARKARAJNEWS RAYGADHPOLICEKIJANCHMESAMNEAYAMANNUNATTHANIKA TALASHMEJUYIPOLICENEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER