धमतरी पुलिस की हाई अलर्ट मॉकड्रिल: दंगाइयों पर अश्रुगैस, लाठीचार्ज और फायरिंग का अभ्यास



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी में कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने और पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा व्यापक बलवा मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में रक्षित केंद्र धमतरी के परेड ग्राउंड में आयोजित इस अभ्यास का यह छठवां सत्र था।

शुक्रवार सुबह आयोजित इस विशेष मॉकड्रिल में दंगा एवं उपद्रव जैसी वास्तविक परिस्थितियों का अभ्यास कराया गया। प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस बल पर आक्रामक व्यवहार की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, ताकि पुलिस जवानों को आपात परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित किया जा सके।

रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा द्वारा पुलिस बल की अलग-अलग टीमें गठित की गईं, जिनमें टियर गैस पार्टी, केन पार्टी, लाठी पार्टी, राइफल पार्टी और मेडिकल पार्टी शामिल थीं। सभी टीमों को उनके दायित्वों के अनुसार विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।

मॉकड्रिल के दौरान पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित करने का प्रयास किया। लेकिन स्थिति बिगड़ने और पथराव शुरू होने पर चरणबद्ध कार्रवाई की गई। पहले चेतावनी दी गई, फिर अश्रु गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद भीड़ के हिंसक बने रहने पर माइक से अंतिम चेतावनी दी गई और अंततः लाठीचार्ज किया गया। मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद 5 राउंड फायरिंग का भी अभ्यास किया गया।

अभ्यास में घायल प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों की काल्पनिक स्थिति भी बनाई गई, जहां मेडिकल टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार देकर एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया।

इस दौरान सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, भानूप्रताप चंद्राकर और यशकरण दीप ध्रुव सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने मॉकड्रिल की समीक्षा करते हुए बलवा नियंत्रण, टीम समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा उपकरणों के बेहतर उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आरक्षक धनेन्द्र साहू को 100 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, वहीं सउनि राधेश्याम बंजारे, आरक्षक गिरधर साहू और आरक्षक गनपत साहू को प्रशंसा अंकित करने की घोषणा की गई।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS DHAMTARINEWS DHAMTARIPOLICEKIHIGHALERTMOCKDRILLNEWS HIGHALERTMOCKDRILLNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER