पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दो दिनों से लापता व्यक्ति की लाश फुटहामुड़ा के जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला केरेगांव थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान पुनुराम मंडावी के रूप में हुई है, जो माकरदोना गांव का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक पुनुराम दो दिन पहले घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिवार को अनहोनी की आशंका होने लगी। इसी बीच ग्रामीणों को फुटहामुड़ा जंगल में एक शव दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान पुनुराम मंडावी के रूप में कराई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डॉक्टर राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पुनुराम जंगल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।

User 1















