रायपुर में अपनी ही पत्नी से बात करना पति को पड़ा भारी, प्रेमी ने पति पर लोहे की रॉड से किया हमला



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में पत्नी से बातचीत करना एक युवक को भारी पड़ गया। पत्नी के प्रेमी ने युवक पर लोहे की रॉड और मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक का सिर फट गया और वह लहूलुहान हालत में थाने पहुंचा। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

मामला राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डेढ़ साल पहले पत्नी छोड़कर चली गई थी

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पितांबर सारथी सारथीपारा धोबी तालाब इलाके का रहने वाला है और टाटीबंध स्थित एक ढाबे में काम करता है। पितांबर ने शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी सीता करीब डेढ़ साल पहले उसे और उसके बेटे को छोड़कर मोहल्ले के ही युवक रंजीत सारथी के साथ रहने लगी थी।

बताया गया कि 15 मई की रात करीब 8:15 बजे पितांबर ढाबे से काम खत्म कर मोहल्ले के चौक में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी वहां पहुंची। पितांबर ने उससे पूछा कि वह उसे छोड़कर रंजीत के साथ क्यों रह रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बीच सड़क पर हमला, सिर से बहने लगा खून

विवाद के दौरान ही आरोपी रंजीत सारथी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने आते ही पितांबर से गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह लोहे की रॉड लेकर आया और पितांबर पर हमला कर दिया।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने रॉड, हाथ और मुक्कों से उसकी जमकर पिटाई की। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

इलाज के बाद थाने पहुंचा पीड़ित

मारपीट के बाद घायल युवक ने पहले अपना इलाज कराया, फिर आजाद चौक थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS AJADCHAUKNEWS RAIPURAJADCHAUKNEWS PATNISEBAATKARNAPATIKOPADABHARINEWS PATNIKEPREMINEPATIPARKIYAHAMLANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER