पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोककला और पंडवानी परंपरा को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने वाली विख्यात लोक कलाकार तीजन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज मेडिकल आईसीयू में चल रहा है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ने पर तीजन बाई को एम्स लाया गया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें एहतियातन मेडिकल आईसीयू में भर्ती करने का फैसला लिया। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन निगरानी लगातार जारी रखी गई है।
तीजन बाई छत्तीसगढ़ की गौरवशाली पंडवानी कला की सबसे सशक्त पहचान मानी जाती हैं। उन्होंने अपनी अनूठी शैली और प्रभावशाली प्रस्तुति से लोककला को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है। कला क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्मभूषण और पद्मविभूषण जैसे देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आते ही कला प्रेमियों, लोक कलाकारों और उनके प्रशंसकों में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

User 1













