पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। नगर पंचायत अभनपुर क्षेत्र में शासकीय चरागाह भूमि पर कब्जे का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अभनपुर, पटवारी हल्का नंबर 21, रा.नि.म. एवं तहसील अभनपुर, जिला रायपुर स्थित भूमि खसरा नंबर 489/1 के एक हिस्से पर कुछ लोगों द्वारा मुरुम और मिट्टी डालकर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उपलब्ध राजस्व अभिलेखों में उक्त भूमि महंत वैष्णव दास गुरु बजरंग दास व अन्य के नाम चरागाह भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि नगर पंचायत अभनपुर के वार्ड क्रमांक 07 के कुछ निवासियों द्वारा इस भूमि पर लगातार मुरुम और मिट्टी डालकर चरागाह भूमि का स्वरूप बदलने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि यह कार्य नगर पंचायत के संरक्षण में किया जा रहा है। मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया गया तो शासकीय चरागाह भूमि पर स्थायी कब्जे की स्थिति निर्मित हो सकती है। वही क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से भूमि की स्थिति की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा चरागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है।

User 1














