पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में बिजली बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। अधिक बिजली बिल आने से नाराज एक उपभोक्ता पर बिजली विभाग के सहायक यंत्री के साथ गाली-गलौज करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगा है। कर्मचारी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्यालय में पहुंचकर किया विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, शास्त्री चौक जोन स्थित बिजली विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय में पदस्थ सहायक यंत्री मुकेश त्रिपाठी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 24 जून 2026 की रात करीब 8 बजे वे कार्यालय में अंतिम बिजली बिलों की जांच संबंधी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अरुण भद्रा नामक व्यक्ति कार्यालय पहुंचा और अपने बिजली बिल में कथित गड़बड़ी को लेकर नाराजगी जताने लगा।
मीटर रीडिंग को लेकर उठा विवाद
शिकायत में बताया गया है कि उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि उसके बिजली मीटर की गलत रीडिंग दर्ज की गई है, जिसके कारण बिल अधिक आया है। साथ ही उसने बिना उचित कारण बिजली कनेक्शन काटे जाने की बात भी कही। सहायक यंत्री मुकेश त्रिपाठी ने विभाग के "प्रकाश एप" के माध्यम से संबंधित उपभोक्ता का बीपी नंबर और मीटर रीडिंग दिखाकर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार रीडिंग सही होने की जानकारी देने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ।
गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
शिकायत के अनुसार, मीटर रीडिंग दिखाए जाने के बाद उपभोक्ता और अधिक आक्रोशित हो गया तथा कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति और बड़ा नेता बताते हुए सहायक यंत्री को धमकी दी कि वह 20 से 25 लोगों को लेकर आएगा और उनकी पिटाई कराएगा।इतना ही नहीं, कार्यालय में मौजूद ऑपरेटर मनीष खेंदूलकर को भी कथित रूप से अपशब्द कहे गए और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
कर्मचारियों ने देखा पूरा घटनाक्रम
घटना के समय कार्यालय में कनिष्ठ यंत्री योगेश साहू, कुणाल दीप और ऑपरेटर मनीष खेंदूलकर मौजूद थे। शिकायत के अनुसार, इन कर्मचारियों ने पूरे घटनाक्रम को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सहायक यंत्री की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी अरुण भद्रा के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज करने और धमकी देने सहित विभिन्न प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

User 1









