पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति पंजीयन क्रमांक 627, ग्राम तोरला में प्राधिकृत अधिकारी बलराम साहू को उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, रायपुर द्वारा 20 जनवरी 2026 को पद से बर्खास्त किए जाने के पांच माह बाद भी नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो सकी है। इसे लेकर क्षेत्र के किसानों में नाराजगी बढ़ रही है और उन्होंने जल्द से जल्द नए अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग की है।
ग्राम भुरका के रेवा साहू, तोरला के रामगुलाल साहू, केजू पटेल, मोहन साहू, बेदराम साहू तथा घोरभट्ठी के बसंत साहू, सुनंदा साहू, रामेश्वर साहू, विमल पटेल, विषयलाल साहू और कामता तारक सहित अनेक किसानों ने प्रशासन से समिति में नया अध्यक्ष नियुक्त करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि पूर्व प्राधिकृत अधिकारी बलराम साहू के कार्यकाल के दौरान कई गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। आरोप है कि धान खरीदी और टोकन काटने की प्रक्रिया में मनमानी की जाती थी, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा समिति के कर्मचारियों के साथ व्यवहार को लेकर भी असंतोष की स्थिति बनी हुई थी।
बताया जाता है कि किसानों और कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से की गई शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सहकारिता विभाग ने बलराम साहू को पद से बर्खास्त कर दिया था। किसानों का कहना है कि बर्खास्तगी के बाद समिति के कामकाज में सुधार की उम्मीद जगी थी, लेकिन नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्र के किसानों ने मांग की है कि समिति के सुचारू संचालन और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जल्द से जल्द नए अध्यक्ष की नियुक्ति की जाए, ताकि सहकारी समिति की व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हो सकें।

User 1













