पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। अभनपुर में चल रहे नए जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के बीच पार्टी ने नेताओं को सीधे गांवों में उतार दिया है। प्रशिक्षण के बाद अब 20 जिला अध्यक्षों की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर रही हैं और गांवों की वास्तविक समस्याओं को समझने का प्रयास कर रही हैं।
पार्टी की इस पहल के तहत जिला अध्यक्षों को 5-5 सदस्यीय समूहों में विभाजित किया गया है। ये टीमें अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों—नवागांव (ल), कोलियरी, घोंट-सोंठ और थानौद—में पहुंची हैं। मंगलवार शाम को नेताओं ने ग्रामीण परिवारों के बीच रात्रि विश्राम किया, जबकि बुधवार को वे गांवों में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक जुटा रहे हैं।
गांवों में रहकर समझ रहे जमीनी हकीकत
कांग्रेस का मानना है कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों और कार्यालयों तक सीमित नहीं रह सकती। इसी सोच के तहत जिला अध्यक्ष ग्रामीणों के घरों में ठहरकर उनके जीवन, सामाजिक परिस्थितियों और क्षेत्रीय चुनौतियों को नजदीक से समझने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों से सीधे संवाद भी किया जा रहा है।
कुरूद क्षेत्र में भी चल रहा समान अभियान
अभनपुर के साथ-साथ कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भी 21 जिला अध्यक्षों का रात्रि प्रवास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इससे स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि कांग्रेस प्रदेशभर में संगठन और जनता के बीच संवाद बढ़ाने के लिए नए प्रयोग कर रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यदि इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं तो भविष्य में इसे अन्य जिलों तक भी विस्तारित किया जा सकता है।
प्रशिक्षण शिविर से गांव तक
गौरतलब है कि रायपुर जिले के अभनपुर में 20 जून से कांग्रेस के नए जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में संगठन संचालन, जनसंपर्क, राजनीतिक संवाद और चुनावी रणनीति जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सचिन राव, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ नेता जिला अध्यक्षों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। शिविर के दूसरे दिन कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी पहुंचे थे। उन्होंने जिला अध्यक्षों से संवाद करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने पर जोर दिया।

User 1














