पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ को देश के उभरते टेक्सटाइल हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नवा रायपुर में विकसित किए जा रहे टेक्सटाइल पार्क की पहली औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया गया। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां 235 करोड़ रुपये के निवेश से गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगी, जिससे लगभग 4650 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने संयुक्त रूप से यूनिट का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने राज्य में रोजगार आधारित औद्योगिक विकास और टेक्सटाइल सेक्टर की संभावनाओं को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि टेक्सटाइल उद्योग केवल उत्पादन क्षमता नहीं बढ़ाता, बल्कि हजारों परिवारों के लिए आजीविका का माध्यम भी बनता है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करने की क्षमता रखता है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के लोगों को अपने गृह राज्य में ही रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर मिलें।
वहीं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को देश का नया टेक्सटाइल हब बनाने के लिए काम कर रही है। निवेशकों को बिजली, पानी, सड़क, लॉजिस्टिक्स और अन्य आवश्यक अधोसंरचनाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
81 एकड़ में विकसित हो रहा आधुनिक टेक्सटाइल पार्क
नवा रायपुर में विकसित किया जा रहा टेक्सटाइल पार्क करीब 81 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है। यहां 2758 वर्गमीटर से लेकर 38,180 वर्गमीटर तक के भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पार्क में टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट, तकनीकी वस्त्र (टेक्निकल टेक्सटाइल्स) और सहायक उद्योगों की स्थापना के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
पार्क में पक्की सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, बिजली उपकेंद्र, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक अधोसंरचना के कारण यह पार्क निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
निर्यात आधारित उत्पादन करेगी स्विफ्ट टेक्सटाइल्स
स्विफ्ट टेक्सटाइल्स की प्रस्तावित यूनिट में मुख्य रूप से निट गारमेंट्स और बच्चों के कपड़ों (किड्सवियर) का निर्माण किया जाएगा। कंपनी का फोकस यूरोप और अमेरिका के बाजारों में निर्यात पर रहेगा। इससे छत्तीसगढ़ को वैश्विक टेक्सटाइल आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में मदद मिलेगी।
445 करोड़ के अतिरिक्त निवेश प्रस्ताव भी
टेक्सटाइल पार्क में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इन कंपनियों द्वारा लगभग 445 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। अनुमान है कि इन परियोजनाओं से 11 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
नई औद्योगिक नीति का दिख रहा असर
राज्य सरकार की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट्स को थ्रस्ट सेक्टर के रूप में शामिल किया गया है। श्रम-प्रधान उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार महिला कर्मचारियों पर 6 हजार रुपये प्रति माह और पुरुष कर्मचारियों पर 5 हजार रुपये प्रति माह की रोजगार सहायता पांच वर्षों तक देने का प्रावधान कर चुकी है।सरकारी आंकड़ों के अनुसार नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद पिछले 18 महीनों में राज्य को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 1.6 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।

User 1












