Header Ad


बोर्ड रिजल्ट के बाद पुनर्मूल्यांकन से मेरिट सूची में शामिल हुए 26 नए विद्यार्थी, हजारों विद्यार्थियों के बढ़े अंक



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा बोर्ड परीक्षा 2026 के पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। परिणामों ने यह साबित किया है कि पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए कितनी महत्वपूर्ण है। दोबारा जांच के बाद न केवल हजारों विद्यार्थियों के अंक बढ़े हैं, बल्कि 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दोनों कक्षाओं में 13-13 नए विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में जगह बनाई है।

माशिमं सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित करना है। परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थियों द्वारा किए गए आवेदनों के आधार पर उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच की गई, जिसके बाद संशोधित परिणाम जारी किए गए हैं।

10वीं में 3,783 विद्यार्थियों के बढ़े अंक

माशिमं के अनुसार हाईस्कूल (10वीं) में पुनर्गणना के लिए 661 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 126 विद्यार्थियों के अंक बढ़े, जबकि 635 आवेदनों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। वहीं पुनर्मूल्यांकन के लिए 6,167 आवेदन मिले थे। इनमें 3,657 विद्यार्थियों के अंकों में वृद्धि दर्ज की गई, जबकि 2,510 विद्यार्थियों के अंकों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

12वीं में 6,898 विद्यार्थियों को मिला लाभ

हायर सेकेंडरी (12वीं) में पुनर्गणना के लिए 1,208 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 140 विद्यार्थियों के अंक बढ़े। पुनर्मूल्यांकन के लिए आए 11,038 आवेदनों में से 6,758 विद्यार्थियों के अंकों में बढ़ोतरी हुई, जबकि शेष विद्यार्थियों के अंकों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

नियम में बदलाव का दिखा सीधा असर

माशिमं द्वारा हाल ही में किए गए नियम संशोधन का लाभ इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को मिला है। पहले पुनर्मूल्यांकन के बाद अंक वृद्धि को मान्य करने के लिए कुल अंकों में 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी आवश्यक होती थी। अब यह सीमा घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है। इस बदलाव के कारण कई विद्यार्थियों के संशोधित अंक स्वीकार किए गए और वे मेरिट सूची में शामिल होने में सफल रहे।

मेरिट सूची में बढ़ी विद्यार्थियों की संख्या

पुनर्मूल्यांकन परिणामों के बाद हाईस्कूल की मेरिट सूची में विद्यार्थियों की संख्या 42 से बढ़कर 55 हो गई है। इसी तरह हायर सेकेंडरी की मेरिट सूची 43 से बढ़कर 56 विद्यार्थियों तक पहुंच गई है। यानी दोनों कक्षाओं में कुल 26 नए विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान बनाया है, जो पहले घोषित परिणाम में शामिल नहीं थे।

गलत मूल्यांकन पर होगी कार्रवाई

माशिमं सचिव पुष्पा साहू ने स्पष्ट किया कि यदि उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में लापरवाही या त्रुटि सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।



PUBLIC SWAR NEWS, CG NEWS, CG POLICE NEWS, RAIPUR NEWS, BORD RESULT NEWS,

You might also like!


RAIPUR WEATHER